उमर अब्दुल्ला व महबूबा ने महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

 


श्रीनगर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा, शांति और सद्भाव का उनका संदेश पीढ़ियों को प्रेरित करता है।

अब्दुल्ला ने लोगों से गांधीजी के आदर्शों का पालन करने और अधिक करुणामय और समावेशी समाज के लिए काम करने का आह्वान किया।

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि गांधीजी को याद करने का अर्थ है उस भारत के लिए खड़े होने का साहस जुटाना जिसके लिए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी। महबूबा ने कहा कि गांधीजी की जयंती पर हमारे युवाओं को तमाम मुश्किलों के बावजूद शिवाजी पार्क और जंतर-मंतर पर इकट्ठा होकर उस भारत की रक्षा करते देखना, जिसमें हम विश्वास करते हैं, मेरे हृदय को आशा से भर देता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीजी ने एक ऐसे भारत के विचार के लिए अपने प्राणों की आहुति दी जहां प्रत्येक नागरिक गरिमा और स्वतंत्रता के साथ जीवन यापन कर सके।

महबूबा ने कहा कि आज उस भारत की परीक्षा हो रही है। मेरे लिए गांधीजी को याद करने का अर्थ है उस भारत के लिए खड़े होने का साहस जुटाना जिसके लिए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह