क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू के कुलपति द्वारा लिखित पुस्तक 'टीचर एजुकेशन' का विमोचन
जम्मू, 23 अक्टूबर (हि.स.)। क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के कुलपति ने गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जम्मू की शिक्षा विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुषमा बाला द्वारा लिखित पुस्तक “टीचर एजुकेशन: इंस्पायरिंग माइंड्स, शेपिंग टीचर एजुकेटर्स, बिल्डिंग ए बेटर टुमॉरो” का औपचारिक विमोचन किया। लंदन के अंतर्राष्ट्रीय प्रकाशक 'रेड्स शाइन पब्लिकेशन' द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक के विमोचन अवसर पर गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. ज्योति परिहार, हिंदी विभागाध्यक्ष एसोसिएट प्रोफेसर सतीश कुमार और अधिशासी अभियंता निर्मल सिंह भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्या डॉ. ज्योति परिहार ने कुलपति का स्वागत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। यह पुस्तक शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने तथा सक्षम, विचारशील और सामाजिक रूप से जिम्मेदार शिक्षक-प्रशिक्षकों को तैयार करने में शिक्षक शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालती है। इसमें नवीन शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने, पेशेवर उत्कृष्टता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देने वाले मूल्यों के संवर्धन पर जोर दिया गया है।
कुलपति ने शिक्षा के क्षेत्र में समकालीन मुद्दों और नए दृष्टिकोणों को उजागर करने वाले इस विद्वतापूर्ण प्रयास के लिए डॉ. सुषमा बाला की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण अकादमिक प्रकाशन अनुसंधान, नवाचार और शिक्षकों के व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं लेखिका डॉ. सुषमा बाला ने सहयोग के लिए कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक-शिक्षिकाएं ही पेशेवर दक्षता, नैतिक प्रतिबद्धता और नवीन शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से भावी पीढ़ियों को आकार देने का कार्य करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा