वैष्णो देवी फर्जी चांदी मामले में जांच तेज

 

जम्मू,, 04 अगस्त (हि.स.)।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन में चढ़ावे के रूप में प्राप्त कथित 550 करोड़ रुपये मूल्य की लगभग 20 टन चांदी से जुड़े मामले में न्यायिक जांच तेज हो गई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जम्मू ने डीएसपी भवन, कटरा को मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत करने और साक्ष्यों के संरक्षण संबंधी आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 18 अगस्त को निर्धारित की गई है।

यह मामला अधिवक्ता दीपक शर्मा की शिकायत पर न्यायालय पहुंचा है जिसमें चढ़ावे की चांदी में कथित मिलावट, अदला-बदली, चोरी और गबन के आरोप लगाए गए हैं। अदालत में दायर आवेदन में चांदी के नमूनों, स्टॉक रिकॉर्ड, वॉल्ट रिकॉर्ड, प्रयोगशाला रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों को सुरक्षित रखने की मांग की गई है। न्यायालय ने जांच अधिकारी को इन तथ्यों पर उचित कार्रवाई करते हुए अगली सुनवाई तक विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता