कठुआ में गुरूवार रात सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल, प्रशासन की लोगों से न घबराने की अपील
कठुआ, 23 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा द्वारा जारी आदेश के तहत जिला प्रशासन कठुआ आज 23 अप्रैल 2026 को रात 08ः30 बजे पूरे जिले में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक अभ्यास आयोजित करेगा। यह अभ्यास सभी लाइन विभागों और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से किया जाएगा, जिसका उद्देश्य आपात स्थितियों में तैयारी और प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत बनाना है।
आदेश में बताया गया है कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ऐसे मॉक अभ्यास हर वर्ष अप्रैल और नवंबर माह में आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में अप्रैल माह का यह अभ्यास आज जिलेभर में कराया जा रहा है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि इस दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट से बचें और प्रशासन का पूरा सहयोग करें, ताकि अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। साथ ही सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यह मॉक ड्रिल निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया और एक्शन प्लान के अनुसार सख्ती से लागू की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया