सिविल डिफेंस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्रों को प्राथमिक उपचार, सीपीआर और आपदा प्रबंधन की दी गई जानकारी

 


जम्मू, 07 मई (हि.स.)। सिविल डिफेंस जम्मू की ओर से सोहंजना मेंस्थित एक स्कूल में सिविल डिफेंस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डिप्टी एसपी एवं डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस जम्मू जिया-उल-हक के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के लगभग 100 छात्रों एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को प्राथमिक उपचार, अग्निशमन, सीपीआर तथा आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली जीवन रक्षक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही छात्रों को नशे की लत के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया। सिविल डिफेंस टीम द्वारा विभिन्न बचाव तकनीकों का प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया, जिसे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक देखा।

इस अवसर पर सिविल डिफेंस जम्मू के चीफ वार्डन परमजीत कुमार ने सिविल डिफेंस और आपदा प्रबंधन विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि सिविल डिफेंस राष्ट्रीय आपदा तैयारी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, आगजनी, औद्योगिक दुर्घटनाओं एवं अन्य संकटों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जान-माल के नुकसान को कम करना है। डिप्टी चीफ वार्डन आर. विजय मगोत्रा ने भी उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए संकट के समय सिविल डिफेंस वार्डनों और स्वयंसेवकों की भूमिका के बारे में जानकारी दी।

स्कूल के चेयरमैन शमशेर सिंह ने सिविल डिफेंस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए बेहद लाभकारी हैं। इस अवसर पर स्कूल के प्रिंसिपल और अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा