ताराकोट के पास सीआईएसएफ की बस सड़क से फिसली, आठ जवान समेत नौ लोग घायल
रियासी, 28 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में रविवार को ताराकोट के निकट केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों को लेकर जा रही एक बस सड़क से फिसल गई। हादसे में सीआईएसएफ के आठ जवान और बस चालक सहित कुल नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रविवार दोपहर 572वीं सीआईएसएफ कंपनी की बस (जेके08डी-5992) जवानों को लेकर जा रही थी। ताराकोट के पास अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस सड़क से फिसल गई और हादसा हो गया।
घायलों की पहचान हेड कांस्टेबल सैमी कुमार, एम.एम. दुबे और ए. रमा, कांस्टेबल पी.के. त्रया, बी.डी. सिंह, बी. श्रीनू, प्रत्युष, सब-इंस्पेक्टर शिव चरण मीणा तथा चालक वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, हेड कांस्टेबल सैमी कुमार, एम.एम. दुबे और कांस्टेबल पी.के. त्रया को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नारायणा अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह