कंजक पूजन के लिए ले जाए गए बच्चे देर से लौटे, कठुआ में मचा हड़कंप, सभी सुरक्षित घर पहुंचे

 


कठुआ, 26 मार्च (हि.स.)। कठुआ शहर के औद्योगिक क्षेत्र गोविंदसर के गांव चकराम सिंह में गुरुवार को रामनवमी के मौके पर कंजक पूजन के लिए ले जाई गई करीब 12 छोटी बच्चियों के देर से घर लौटने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 3 बजे तक बच्चे घर नहीं पहुंचे तो चिंतित अभिभावकों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

जानकारी के अनुसार, एक दंपति सुबह गोविंदसर के चकराम सिंह क्षेत्र से करीब 10 बच्चियों और 2 बच्चों को कंजक पूजन के लिए अपने साथ ले गया था। उनके घर पूजन के बाद आसपास के कई घरों में भी बच्चों का पूजन किया गया, जिससे उन्हें लौटने में देर हो गई। इसी बीच बच्चों के समय पर घर न पहुंचने से परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सोशल मीडिया पर भी खबर फैलने से शहर में दहशत फैल गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, लेकिन इसी दौरान दंपति सभी बच्चों को सकुशल घर छोड़ने पहुंच गया। दंपति ने बताया कि बच्चों को ले जाते समय परिजनों से अनुमति ली गई थी, जबकि देरी अधिक घरों में पूजन के कारण हुई। बच्चों के सुरक्षित लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने भी स्थिति स्पष्ट होने के बाद मामले को सामान्य बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया