कठुआ में जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत-गुरुद्वारा सिंह सभा में खुलेगी चैरिटेबल लैब, जांच पर मिलेगा 75 प्रतिशत तक डिस्काउंट
कठुआ, 24 सितंबर (हि.स.)। आम लोगों विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को सस्ती स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गुरुद्वारा सिंह सभा कठुआ में लाइफ केयर फाउंडेशन की ओर से चैरिटेबल लैबोरेटरी शुरू की जा रही है। लैब में विभिन्न मेडिकल टेस्ट पर मरीजों को 75 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी और उन्हें जांच की निर्धारित राशि का केवल 25 प्रतिशत ही भुगतान करना होगा।
चैरिटेबल लैब का उद्घाटन 25 सितंबर को कठुआ के उपायुक्त राजेश कुमार द्वारा किया जाएगा। लैब में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक मरीजों के सैंपल एकत्रित किए जाएंगे। इसके बाद सैंपल जांच के लिए फाउंडेशन की मुख्य प्रयोगशाला डेराबस्सी भेजे जाएंगे, जहां विभिन्न प्रकार के टेस्ट किए जाएंगे। लाइफ केयर फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने बताया कि संस्था पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में 250 से अधिक प्रयोगशालाएं संचालित कर रही है और अब जम्मू-कश्मीर में भी अपनी सेवाओं का विस्तार किया गया है। कठुआ में गुरुद्वारा सिंह सभा के सहयोग से शुरू की जा रही यह लैब नो-प्रॉफिट, नो-लॉस के आधार पर संचालित होगी। इसका मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को कम लागत पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि डायलिसिस और कैंसर से पीड़ित मरीजों के लिए चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से विशेष सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। ऐसे मरीजों के आवश्यक टेस्ट निःशुल्क किए जाएंगे। इस मौके पर श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष चरणजीत सिंह भोला ने आम लोगों से अपील की कि वे इस जनहित सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा परिसर में शुरू होने वाली यह सुविधा जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य जांच के खर्च को कम करने में मददगार साबित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया