एक लाख रिश्वत मामले में पूर्व तहसीलदार समेत दो के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

 


श्रीनगर, 31 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर एंटी करप्शन ब्यूरो ने 1 लाख की रिश्वत मामले में पूर्व तहसीलदार गुलाम रसूल भट और एक निजी व्यक्ति रफी अहमद लोन के खिलाफ बारामूला स्थित विशेष भ्रष्टाचार निरोधक न्यायालय में चार्जशीट पेश की है।

यह मामला एफआईआर संख्या 04/2025 के तहत दर्ज किया गया था जिसमें आरोप है कि अखरोट के पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत की जांच के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज कर एसीबी थाना बारामूला ने जांच शुरू की। जांच के दौरान 20 जून 2025 को क्रालगुंड, हंदवाड़ा में ट्रैप बिछाया गया जिसमें आरोपी तहसीलदार को 50,000 की शेष रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था जिन्हें बाद में अदालत से जमानत मिल गई। आवश्यक अभियोजन स्वीकृति प्राप्त करने के बाद एसीबी ने जांच पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया