एमईएस में फर्जी भर्ती घोटाले में संलिप्तता के आरोप में पंजाब के दो निवासियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

 

जम्मू, 04 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (एमईएस) में फर्जी भर्ती घोटाले में संलिप्तता के आरोप में पंजाब के दो निवासियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

जम्मू क्राइम ब्रांच के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि यह घोटाला 2023 में तब सामने आया जब आरोपियों ने जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के दो निवासियों को एमईएस में नौकरी दिलाने का वादा करके उनसे 14 लाख रुपये ठग लिए।

उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच जम्मू की स्पेशल क्राइम विंग (एससीडब्ल्यू) ने सोमवार को सांबा के अतिरिक्त विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट की अदालत में अमृतसर के बख्शीश सिंह और जालंधर के अमनदीप सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला 2023 में सांबा के दो निवासियों की शिकायत पर दर्ज किया गया था जिन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उन्हें एमईएस में नौकरी दिलाने के झूठे वादे पर 14 लाख रुपये दे दिए थे। लगातार प्रयासों के बाद बख्शीश को अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया गया जबकि सह-आरोपी अमनदीप व्यापक छापेमारी और तलाशी नोटिस जारी होने के बावजूद फरार है।

प्रवक्ता ने बताया कि उसे भगोड़ा घोषित करने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ितों को जाली नियुक्ति पत्र दिए गए और चिकित्सा जांच, दस्तावेज़ सत्यापन और कार्यभार ग्रहण करने की औपचारिकताओं के बहाने उन्हें रांची और मेरठ सहित विभिन्न स्थानों पर बार-बार भेजा गया।

प्रवक्ता ने बताया कि एमईएस अधिकारियों द्वारा बाद में किए गए सत्यापन से पुष्टि हुई कि नियुक्ति पत्र फर्जी थे और विभाग द्वारा कभी जारी नहीं किए गए थे। जांच के दौरान उन्होंने बताया कि एससीडब्ल्यू ने दस्तावेजी, डिजिटल और वित्तीय साक्ष्य एकत्र किए, जिनमें बैंक लेनदेन रिकॉर्ड और संदिग्ध दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच शामिल थी जिनसे आरोपों की पुष्टि हुई।

क्राइम ब्रांच ने जनता को फर्जी नौकरी रैकेटों से सावधान रहने और किसी भी भुगतान से पहले सरकारी चैनलों के माध्यम से भर्ती प्रस्तावों की प्रामाणिकता की पुष्टि करने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता