फर्जी नौकरी रैकेट मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

 

श्रीनगर, 26 जुलाई (हि.स.)। क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कश्मीर ने फर्जी नौकरी रैकेट मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

एजेंसी के प्रवक्ता ने रविवार को जानकारी दी कि चार्जशीट गुलाम मोहम्मद शेख उर्फ गुलजार, मोहम्मद यूसुफ वानी और मोहम्मद अब्दुल्ला मीर के खिलाफ दाखिल की गई है। प्रवक्ता ने बताया कि ईओडब्ल्यू कश्मीर ने श्रीनगर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में फर्जी सरकारी नौकरी रैकेट में संलिप्तता के आरोप में तीन आरोपियों के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की है।

मामले का विवरण देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि ईओडब्ल्यू को एक शिकायत मिली थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि शेख ने सरकारी नौकरी दिलाने के झूठे वादे पर शिकायतकर्ताओं से 23 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र, लाइसेंस, नियुक्ति पत्र जारी किए और फर्जी पुलिस और सीआईडी सत्यापन दस्तावेज तैयार किए ताकि ऑफर असली लगें। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए और यह साबित हो गया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ताओं को धोखा देने और उनकी मेहनत की कमाई हड़पने के लिए आपस में मिलीभगत की थी। जांच पूरी करने और पर्याप्त सबूत जुटाने के बाद, ईओडब्ल्यू कश्मीर ने अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया।

हालांकि ईओडब्ल्यू ने फर्जी नौकरी रैकेट में अन्य दो आरोपितों की भूमिका के बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता