छन्नी हिम्मत पुलिस ने धोखाधड़ी मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार
जम्मू,, 03 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू के छन्नी हिम्मत पुलिस ने श्री बांके बिहारी लग्जरी लाइट्स से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर सामान बरामद करने का दावा किया है। इस संबंध में पुलिस थाना छन्नी हिम्मत में प्राथमिकी संख्या 255/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान आरोपी की पहचान सांबा जिले के विजयपुर निवासी नवदीप सिंह पुत्र बिक्रम सिंह के रूप में हुई जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोप है कि नवदीप सिंह ने खुद को अपोलो क्लीनिक का अधिकृत प्रतिनिधि बताकर श्री बांके बिहारी लग्जरी लाइट्स के मालिक से संपर्क किया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने भुगतान किए जाने का विश्वास दिलाने के लिए जम्मू-कश्मीर बैंक के कथित फर्जी भुगतान स्क्रीनशॉट दिखाए और इसके आधार पर लाइटिंग का सामान हासिल कर लिया।
मामला सामने आने के बाद छन्नी हिम्मत पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक जांच के आधार पर धोखाधड़ी से हासिल किया गया लाइटिंग का सामान आरोपी के विजयपुर स्थित घर से बरामद किया गया है।
पुलिस ने बरामदगी की कार्रवाई पूरी कर ली है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता