चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू, जम्मू के लोगों में उत्साह, राशि अनुसार पूजन विधि जानने उमड़ी श्रद्धालुओं की रुचि
जम्मू, 18 मार्च (हि.स.)। जम्मू में चैत्र नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस वर्ष नवरात्र 19 मार्च से प्रारंभ हो रहे हैं जिसके चलते शहर के मंदिरों और घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। रोहित शास्त्री (महंत रोहित शास्त्री), अध्यक्ष श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 मार्च को सुबह 7:15 बजे के बाद पूरे दिन घटस्थापना, कलश स्थापना और ज्योति प्रज्वलन के लिए शुभ मुहूर्त रहेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुबह के समय ही पूजा कार्य संपन्न करने की सलाह दी।
महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि नवरात्र के दौरान प्रत्येक राशि के अनुसार देवी दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने मेष से लेकर मीन राशि तक सभी के लिए अलग-अलग पूजा विधि, अर्पण सामग्री और मंत्र बताए जिससे भक्त अपनी राशि के अनुसार पूजन कर सकें। उन्होंने नवरात्र के दौरान कुछ विशेष सावधानियां बरतने की भी अपील की जिसमें तामसिक भोजन से परहेज, ब्रह्मचर्य का पालन, नशे से दूरी और पूजा के समय शुद्धता बनाए रखना शामिल है। इसके अलावा काले वस्त्र न पहनने, घर में स्थापित अखंड ज्योति को बिना देखरेख के न छोड़ने और दिन में न सोने जैसी बातों पर भी जोर दिया गया।
जम्मू में नवरात्र के इस पावन पर्व को लेकर धार्मिक माहौल बन गया है जहां श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ माता दुर्गा की आराधना की तैयारी में जुटे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा