सामाजिक इंटर्नशिप पूरी करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान
जम्मू, 30 जुलाई (हि.स.)। वृद्धजनों को सामाजिक रूप से सक्रिय और आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वृद्ध आश्रम अम्फल्ला में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के सहयोग से संचालित सामाजिक इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत एक और बैच ने अपनी इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी की। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थी नियमित रूप से आश्रम में आकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताते हैं उनसे संवाद करते हैं तथा सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास करते हैं।
इस चरण में देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय, देहरादून की कलश और पलक शर्मा तथा लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर की इशिता, सानिया गुप्ता और लक्ष्यनया शर्मा ने अपनी सामाजिक इंटर्नशिप पूर्ण की। इंटर्नशिप पूरी होने पर विद्यार्थियों को आश्रम की प्रबंधन समिति के सदस्यों सरदार राजिन्दर सिंह और सतपाल शर्मा की उपस्थिति में सचिव डॉ. दिनेश गुप्ता ने प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश गुप्ता ने विद्यार्थियों की निष्ठा, समर्पण और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति उनकी संवेदनशील सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक इंटर्नशिप का उद्देश्य केवल शैक्षणिक औपचारिकता पूरी करना नहीं बल्कि विद्यार्थियों में करुणा, धैर्य, कृतज्ञता और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सहभागिता से आश्रम का वातावरण अधिक आत्मीय और परिवार जैसा बनता है। विद्यार्थियों ने भी इस अवसर के लिए आश्रम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह इंटर्नशिप उनके लिए एक यादगार और प्रेरणादायक अनुभव रही जिसने उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा-भाव और मानवीय संवेदनाओं को और अधिक मजबूत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा