केंद्रीय संचार ब्यूरो ने अरनिया के गांव त्रेवा में जागरूकता अभियान का किया समापन

 


जम्मू, 28 फ़रवरी (हि.स.)। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्यरत सेंट्रल ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन (जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख क्षेत्र) द्वारा अरनिया ब्लॉक के सीमावर्ती गांव त्रेवा में वीबी जी राम जी अधिनियम 2025 तथा स्किल इंडिया विषय पर आयोजित जागरूकता अभियान का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के प्रभारी राजेश शर्मा ने वीबी जी राम जी अधिनियम 2025 के प्रावधानों और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह अधिनियम ग्रामीण विकास और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्किल इंडिया के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित डॉ. विप्लव सूदन, ब्लॉक विकास अधिकारी अरनिया, ने अधिनियम के क्रियान्वयन और प्रमुख विशेषताओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी तथा स्थानीय लोगों से सरकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया। पूर्व सरपंच बलबीर कौर ने पंचायत त्रेवा की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम में हुए सकारात्मक संशोधनों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में संगोष्ठी और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित कर हल्के जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा