पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर जम्मू पूर्व में जश्न विधायक युधवीर ने कार्यकर्ताओं व लोगों में बांटी मिठाइयां
जम्मू, 09 मई (हि.स.)। युधवीर सेठी ने शनिवार को जम्मू पूर्व के लाला भूताराम मार्केट में भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल में जीत और सुवेंदु अधिकारी के राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर भव्य समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ जश्न मनाया। कार्यक्रम के दौरान हलवा और मिठाइयों का वितरण किया गया। विधायक युधवीर सेठी ने पार्टी कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और आम लोगों को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। पूरे बाजार क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और भाजपा समर्थकों ने पार्टी नेतृत्व के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
अपने संबोधन में युद्धवीर सेठी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर की एकता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि डॉ. मुखर्जी से जुड़ी भूमि पर भाजपा और राष्ट्रवादी विचारधारा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देशभर में भाजपा को मिल रहा जनसमर्थन प्रधानमंत्री मोदी की विकासवादी नीतियों, पारदर्शिता और सुशासन में लोगों के विश्वास को दर्शाता है।
युधवीर सेठी ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और जम्मू पूर्व के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके उत्साह और समर्पण से यह आयोजन सफल और यादगार बना।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा