सतवारी-नई बस्ती में दुकानों के ध्वस्तीकरण पर चैंबर ने जताई गंभीर चिंता

 

जम्मू,, 12 सितंबर (हि.स.)।

चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने जम्मू शहर के सतवारी-नई बस्ती क्षेत्र में हाईवे विस्तार और बुनियादी ढांचा विकास कार्यों के चलते दुकानों के ध्वस्तीकरण पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित दुकानदारों को किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाए बिना और संबंधित अधिकारियों की ओर से लिखित आश्वासन दिए बिना की गई कार्रवाई से व्यापारिक समुदाय में भारी परेशानी और असंतोष पैदा हुआ है। उन्होंने बताया कि कई दुकानदारों ने अपना कारोबार चलाने के लिए बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों से ऋण लिया हुआ है और दुकानों के अचानक टूटने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

अरुण गुप्ता ने कहा कि चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री विकास कार्यों और हाईवे विस्तार की आवश्यकता को समझता है लेकिन इस प्रक्रिया में व्यापारियों की आजीविका और उनके हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये दुकानें केवल ढांचे नहीं बल्कि दशकों से कई परिवारों की आय और रोजी-रोटी का साधन रही हैं। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री अध्यक्ष ने प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों के लिए तत्काल उचित पुनर्वास, वैकल्पिक व्यापारिक स्थल और तब तक वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की जब तक उन्हें नए दुकान स्थल आवंटित कर पूरी तरह पुनर्वासित नहीं किया जाता।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि संबंधित भूमि को जम्मू नगर निगम को हस्तांतरित करने की कोई औपचारिकता लंबित है तो उसे बिना देरी पूरा कर प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स का निर्माण जल्द शुरू और पूरा किया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता