चैंबर अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने नए डीसी जम्मू मिंगा शेरपा से मुलाकात कर दी बधाई
जम्मू,, 15 अक्टूबर (हि.स.)।
चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के अध्यक्ष अरुण गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू के नए उपायुक्त मिंगा शेरपा से मुलाकात कर पदभार संभालने पर उन्हें बधाई दी और उनका स्वागत किया। इस अवसर पर चैंबर के जूनियर उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता और कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के साथ व्यापारियों और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान अरुण गुप्ता ने त्योहारों के मौसम में व्यापारियों और दुकानदारों को होने वाली परेशानियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि त्योहारी सीजन में व्यापारियों और दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए, ताकि बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से चल सकें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी के खिलाफ कोई शिकायत या सूचना मिलती है तो कार्रवाई करने से पहले तथ्यों की उचित जांच की जानी चाहिए। इससे निर्दोष व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सकेगा।
जम्मू शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या पर भी चैंबर अध्यक्ष ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे में प्रशासन को बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के साथ-साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त पार्किंग स्थल विकसित करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
अरुण गुप्ता ने कहा कि पर्याप्त पार्किंग सुविधाएं और बेहतर यातायात व्यवस्था होने से बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों, दुकानदारों और व्यापारियों को राहत मिलेगी।
बैठक में नशा मुक्त अभियान पर भी चर्चा हुई। चैंबर अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के नशा मुक्त अभियान और जिला प्रशासन की ओर से इस दिशा में की जा रही पहल का समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचा रही है और समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। उन्होंने व्यापारिक समुदाय, युवाओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ अभियान में प्रशासन का सहयोग करें तथा नशीले पदार्थों से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।
अरुण गुप्ता ने कहा कि चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू को नशा मुक्त बनाने के प्रयासों में प्रशासन के साथ खड़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने और शहर में व्यापार के अनुकूल माहौल बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।
इस दौरान डीसी जम्मू मिंगा शेरपा ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि उठाए गए मुद्दों पर उचित ध्यान दिया जाएगा और व्यापारिक समुदाय के किसी भी सदस्य को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा।
चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने जम्मू के समग्र विकास, व्यापारियों के हितों की सुरक्षा और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता