चैंबर ऑफ कॉमर्स प्रतिनिधिमंडल ने वीसी जेडीए से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याएं उठाईं
जम्मू,, 09 सितंबर (हि.स.)।
चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जेडीए के वीसी रूपेश कुमार से मुलाकात कर स्थानीय व्यापारियों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने जनरल बस स्टैंड पर अधिक पार्किंग शुल्क का मुद्दा उठाया। वीसी जेडीए ने बताया कि पार्किंग शुल्क हाल ही में 24 घंटे के लिए 2500 रुपये से घटाकर 2000 रुपये किया गया है।
उन्होंने कहा कि 12 घंटे के लिए 1000 रुपये शुल्क निर्धारित करने के प्रस्ताव पर पार्किंग ठेकेदार से चर्चा की जाएगी ताकि शुल्क उचित रहे। अरुण गुप्ता ने बहू प्लाजा में बंद दुकानों के आसपास नशा करने वालों की गतिविधियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि आवंटन रद्द करने के नोटिस के बाद दुकानदारों ने अदालत का रुख किया है और उन्हें स्टे मिला हुआ है। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने मामले का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने में सहयोग की पेशकश की।
वीसी जेडीए ने कहा कि जेडीए अदालत के फैसलों का सम्मान करेगा और साथ ही संस्था के राजस्व हितों की भी रक्षा की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने वेयरहाउस प्रणाली की तर्ज पर व्यापार-विशिष्ट बाजार विकसित करने की मांग की। अरुण गुप्ता ने बताया कि कनक मंडी के व्यापारिक समुदाय के लिए गोदाम और वेयरहाउस सुविधाओं के विकास हेतु वर्ष 2016-17 में पर्याप्त भूमि आवंटित करने का औपचारिक प्रस्ताव शुरू किया गया था लेकिन तत्कालीन राज्य सरकार के अप्रत्याशित विघटन के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने इस प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर पुनर्जीवित कर आधुनिक वेयरहाउस और भंडारण सुविधाओं के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने की मांग की ताकि कनक मंडी की व्यावसायिक जरूरतें पूरी होने के साथ शहर में बढ़ते यातायात और भीड़भाड़ को कम किया जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने जनरल बस स्टैंड परिसर में चल रही विकास योजनाओं और प्रस्तावित बदलावों को लेकर भी चिंता जताई। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने मांग की कि बस स्टैंड से जुड़े किसी भी प्रशासनिक निर्णय, बुनियादी ढांचा योजना या पुनर्गठन से पहले स्थानीय दुकानदारों को विश्वास में लिया जाए और उनके कारोबारी हितों एवं आजीविका की सुरक्षा के लिए उचित परामर्श प्रक्रिया अपनाई जाए। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, कनिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता और कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता भी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता