सीबीआई ने 35,000 रुपये की सब्सिडी की मांग के मामले में एसडीएओ और दो अन्य लोगों को किया गिरफ़्तार

 

जम्मू, 20 सितंबर (हि.स.)। सीबीआई की एंटी-करप्शन ब्रांच जम्मू ने 'हाई-डेंसिटी एग्रीकल्चर डेवलपमेंट प्रोग्राम' के तहत सब्सिडी जारी करवाने के लिए एक शिकायतकर्ता से 35,000 रुपये की कथित मांग करने के मामले में एक सब-डिविजनल एग्रीकल्चर ऑफिसर, एक एग्रीकल्चर एक्सटेंशन असिस्टेंट और एक प्राइवेट व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है। आरोपियों की पहचान अखनूर के एसडीएओ राजन शर्मा, एग्रीकल्चर एक्सटेंशन असिस्टेंट हित अभिलाषी शर्मा और अशोक कुमार (एक प्राइवेट व्यक्ति, जिसने बिचौलिए का काम किया) के तौर पर हुई है।

सब्सिडी जारी करने के लिए पैसे की मांग के आरोप वाली शिकायत के बाद यह मामला दर्ज किया गया। जांच-पड़ताल के दौरान बातचीत की रिकॉर्डिंग से इस कथित मांग की पुष्टि हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एसडीएओ के कथित निर्देशों पर अशोक कुमार और हित अभिलाषी शर्मा को पहली किश्त के तौर पर 15,000 रुपये देने पर सहमति बनी थी जबकि बाकी 20,000 रुपये बाद में दिए जाने थे। सीबीआई की टीम ने प्राइवेट व्यक्ति और एग्रीकल्चर एक्सटेंशन असिस्टेंट को पहली किश्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा और बाद में एसडीएओ को भी गिरफ़्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता