हटली पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम हुई गोवंश तस्करी, 17 गोवंश बचाए

 


कठुआ, 25 अगस्त (हि.स.)। पशु तस्करी के खिलाफ कठुआ पुलिस की मुहिम लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस के दिशा-निर्देश पर हटली पुलिस पोस्ट की टीम ने एक ट्रक से करीब 17 गोवंश को मुक्त करवाया। पुलिस कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार पंजाब की ओर से लखनपुर के रास्ते जम्मू-कश्मीर की तरफ आ रहे एक ट्रक को हटली पुलिस पोस्ट की टीम ने अपने अधिकार क्षेत्र में नाका लगाकर जांच के लिए रुकने का इशारा किया। पुलिस नाका देखकर चालक ने ट्रक को भगाने का प्रयास किया लेकिन कुछ दूरी पर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद हटली पुलिस पोस्ट प्रभारी ईशान शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में करीब 17 गोवंश पाए गए जिन्हें कथित तौर पर अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी गोवंश को सुरक्षित कीड़ियां गंडयाल स्थित गौशाला पहुंचाया जहां उन्हें सुरक्षित रखा गया। मामले में कठुआ थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि कठुआ पुलिस की ओर से पशु तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है और गोवंश को मुक्त करवाया जा रहा है। इसके बावजूद इस तरह के मामले सामने आना चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई से ही इस अवैध धंधे पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकता है। फिलहाल हटली पुलिस पोस्ट की इस कार्रवाई से एक बार फिर पुलिस की सतर्कता सामने आई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में पशु तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया