पशु तस्करी प्रयास विफल, 24 मवेशी मुक्त करवाए
कठुआ, 13 सितंबर (हि.स.)। जिला कठुआ में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने लखनपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 24 मवेशियों को तस्करी से मुक्त कराया और उन्हें ले जा रहे एक ट्रक को जब्त किया है। कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा की समग्र निगरानी में की गई।
जानकारी के अनुसार थाना लखनपुर की पुलिस टीम ने एसएचओ के नेतृत्व में एएसपी कठुआ और डीएसपी डीएआर कठुआ की देखरेख में लखनपुर में नाका लगाकर वाहनों की जांच की। इसी दौरान पंजाब की ओर से जम्मू-कश्मीर की तरफ आ रहे संदिग्ध ट्रक नंबर एचआर55एजी-5554 को जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 24 मवेशी अमानवीय एवं दयनीय हालत में लदे हुए पाए गए। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त करवाते हुए ट्रक को जब्त कर लिया। वाहन चालक मौके से फरार बताया गया है। इस संबंध में थाना लखनपुर में एफआईआर नंबर 124/2026 धारा 223 बीएनएस और 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया