चडवाल में पशु तस्करी की कोशिश नाकाम, 23 गोवंश मुक्त करवाए

 


कठुआ, 12 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने राजबाग थाना क्षेत्र के चडवाल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोवंश तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए 23 गोवंश को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्राला को भी जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार चडवाल पुलिस पोस्ट की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान पंजाब की ओर से जम्मू-कश्मीर की तरफ आ रहे संदिग्ध ट्राला नंबर जेके19ए-8885 को रुकने का इशारा किया गया। नाके को देखकर चालक ने वाहन को कुछ दूरी पर रोक दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 23 गोवंश लदे हुए मिले। पुलिस ने सभी गोवंश को सुरक्षित मुक्त करवाते हुए ट्राला को जब्त कर लिया। इस संबंध में थाना राजबाग में एफआईआर नंबर 190/2026 धारा 223 बीएनएस एवं 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया