(अपडेट) सरथल में कार दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत, तीन गंभीर घायल

 


कठुआ, 11 सितंबर (हि.स.)। कठुआ जिले के बनी-भद्रवाह मार्ग पर सरथल के समीप शुक्रवार को एक बलेनो कार दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल बनी में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार कार नंबर जेके02-8457 भद्रवाह से बनी की ओर जा रही थी सरथल के समीप पहुंचने पर वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में मोनिका देवी और बलवंत कोतवाल दोनों निवासी डांडी, भद्रवाह की मौत हो गई। दुर्घटना में समीर कोतवाल (33), प्रशांत कोतवाल (60) और विक्रम सिंह घायल हुए हैं। तीनों का उपजिला अस्पताल बनी में उपचार जारी है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद सांसद डाॅ जितेंद्र सिंह और भद्रवाह के विधायक दिलीप सिंह परिहार ने डीसी कठुआ राजेश शर्मा से फोन पर दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया