कठुआ को नशा मुक्त बनाने की मुहिम तेज, डीसी ने की समीक्षा और दिए सख्त निर्देश
कठुआ, 30 मई (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को डीसी ऑफिस कॉम्प्लेक्स में जिला स्तरीय एनसीओआरडी कमेटी और राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठकों की अध्यक्षता कर नशा एवं तंबाकू नियंत्रण उपायों की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि हालिया कार्रवाई के दौरान करीब 21,000 किलोग्राम लाहन नष्ट किया गया, 39 लीटर अवैध शराब जब्त/नष्ट की गई तथा चार अवैध भट्टियां ध्वस्त की गईं। वहीं नशा तस्करों की लगभग 7 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी जब्त/ध्वस्त की गई हैं। डीसी ने नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए सभी विभागों को जागरूकता गतिविधियां तेज करने को कहा।
उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता बढ़ाने तथा संवेदनशील विद्यार्थियों की पहचान करने के निर्देश दिए। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत आयोजित डीएलसीसी बैठक में बताया गया कि जिले के 18 गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित किया जा चुका है। डीसी ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और चालान बढ़ाने के निर्देश दिए। डीसी ने सभी संबंधित विभागों से समन्वित प्रयास कर कठुआ को नशा मुक्त एवं तंबाकू मुक्त बनाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया