सेवा पर्व के तहत कठुआ में स्वच्छता स्वास्थ्य और जनकल्याण की मुहिम

 


कठुआ, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा पर्व 2026 के तहत जिलेभर में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने भाग लेकर स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।

बनी के रेंज फॉरेस्ट कार्यालय सहित जिले के विभिन्न आयुष संस्थानों में स्वच्छता अभियान चलाए गए। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इन अभियानों के दौरान स्वच्छता, स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

इसी कड़ी में नगर समिति कठुआ की ओर से प्लॉगिंग रन का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने दौड़ के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों से कचरा एकत्र किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। वहीं जेकेपीसीसी कठुआ की ओर से कठुआ बाजार में प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को इनके दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान करीब 6 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन तथा 500 ग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया।

सेवा पर्व के तहत स्वास्थ्य विभाग हीरानगर की ओर से ब्लॉक हीरानगर के हरियाचक और मेन हीरानगर जोन के विभिन्न गांवों में चिकित्सा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में 400 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा नगर समिति हीरानगर में सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच सह चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। इसमें सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इसी दौरान डीआईईटी बसोहली में पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने और उन्हें शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने शिक्षा, अध्ययन तथा समाजोपयोगी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। सेवा पर्व के तहत आयोजित इन गतिविधियों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा और जनकल्याण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया