युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का किया आह्वान

 


जम्मू, 27 नवंबर (हि.स.)। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) श्रीनगर में शुक्रवार को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 (टीएफवाईसी 4.0) की शुरुआत की गई। इस दौरान संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

संस्थान के निदेशक प्रो. अनुराग मिश्रा ने कहा कि युवाओं को तंबाकू सेवन से बचाना और इसके हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने संस्थान के सभी सदस्यों से परिसर को तंबाकू मुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम के तहत मुख्य संकाय भवन में प्रतिभागियों ने तंबाकू मुक्त अभियान की शपथ ली। इसके बाद परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई जिसमें विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समन्वय एनएसएस समन्वयक डॉ. प्रमोद कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. मोहम्मद आबिद बाजाज, डीन रिसर्च एंड कंसल्टेंसी प्रो. रूही नाज मीर, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. जितेंद्र गुर्जर सहित संस्थान के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा