बडगाम-कटरा ट्रेन सेवा एक बार फिर हुई शुरू
जम्मू, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य कश्मीर के बडगाम और जम्मू संभाग के श्री माता वैष्णो देवी कटरा (एसवीडीके) के बीच लगभग दो महीने तक अमरनाथ यात्रा के कारण निलंबित रहने के बाद शनिवार को रेल सेवा फिर से शुरू हो गई जिससे यात्रियों को राहत मिली है। घाटी में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ की पवित्र गुफा में 57 दिनों तक चलने वाली वार्षिक तीर्थयात्रा शुरू होने से पहले 29 जून से दोनों तरफ से रेल सेवा निलंबित कर दी गई थी। यह तीर्थयात्रा शुक्रवार को रक्षा बंधन के साथ संपन्न हो गई।
उत्तरी रेलवे के जम्मू डिवीजन के एक प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों विशेष रूप से माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बडगाम और एसवीडीके के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 04688/04687 को 29 अगस्त से बहाल कर दिया गया है। ट्रेनें अब निर्धारित समय के अनुसार अपने नियमित मार्ग पर चलेंगी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 04688 बडगाम से सुबह 7:20 बजे रवाना हुई और दोपहर 1 बजे कटरा पहुंची। प्रवक्ता ने बताया कि वापसी में ट्रेन संख्या 04687 कटरा से दोपहर 1:45 बजे रवाना होगी और रात 8 बजे बडगाम पहुंचेगी। उन्होंने आगे कहा कि इस सेवा के फिर से शुरू होने से घाटी के निवासियों और तीर्थयात्रियों की यात्रा आसान होने की उम्मीद है क्योंकि अब वे दोनों क्षेत्रों के बीच सीधी ट्रेन सेवा से यात्रा कर सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता