सुशील बॉर्डर पोस्ट पर गोली लगने से बीएसएफ की महिला जवान की मौत
जम्मू,, 07 अक्टूबर (हि.स.)।
सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित सुशील बॉर्डर पोस्ट पर बुधवार दोपहर ड्यूटी के दौरान सीमा सुरक्षा बल की महिला जवान राजलक्ष्मी संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गईं। वह बीएसएफ की 7वीं बटालियन में तैनात बताई जा रही हैं। हालांकि बाद में उसकी जीएमसी जम्मू में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गोली जवान के सीने में लगी, जिसके बाद मौके पर मौजूद बीएसएफ कर्मियों ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए उपजिला अस्पताल आरएस पुरा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। यहां उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी में गोली सर्विस राइफल से चलने की बात सामने आ रही है। हालांकि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना कैसे हुई, इस संबंध में अभी आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
घटना के सही कारणों और परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता