कठुआ स्थित गृहनगर से लापता हुए भाजपा के हीरानगर विधायक विजय कुमार के 17 वर्षीय बेटे को दिल्ली में ढूंढ निकाला
जम्मू, 23 सितंबर (हि.स.)। जम्मू संभाग के कठुआ जिले में स्थित अपने गृहनगर से लापता हुए भाजपा के हीरानगर विधायक विजय कुमार के 17 वर्षीय बेटे को बुधवार सुबह दिल्ली में ढूंढ लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि कक्षा 11 के छात्र आदित्य कुमार मंगलवार शाम को परिवार को बिना बताए अपनी बहन से मिलने दिल्ली चले गए थे जिसके बाद परिवार ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीमों ने कुमार को दिल्ली जाने वाली बस में यात्रा करते हुए ढूंढ निकाला।
अधिकारियों ने बताया कि रात भर चली खोज के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस ने बस का पता लगाया और किशोर से संपर्क स्थापित किया जिसे अब जम्मू वापस लाया जा रहा है।
बेटे के ठिकाने की जानकारी मिलते ही उसके पिता भी दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता