कठुआ में बोरे में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी

 


कठुआ, 10 सितंबर (हि.स.)। कठुआ जिले के नगरी ब्लॉक के माई चक गांव में गुरुवार को बोरे में बंद एक युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव की बरामदगी के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार माई चक गांव में स्थानीय लोगों ने बोरे में बंद एक शव देखा जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कठुआ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का जायजा लिया। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं जिनकी जांच के बाद मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही युवक की मौत के कारणों और शव को बोरे में बंद कर वहां पहुंचाने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है और मामले से जुड़े संभावित सुरागों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया