कठुआ के चक राम सिंह में किराए के कमरे से युवती का शव बरामद, इलाके में सनसनी

 


कठुआ, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कठुआ के चक राम सिंह इलाके में एक किराए के कमरे से अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर हटली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती औद्योगिक क्षेत्र की निजी इकाई में काम करती थी और किराए के कमरे में रहती थी। बताया जा रहा है कि सुबह उसके साथ रहने वाले लोगों ने कमरे में जाकर देखा तो युवती का शव पंखे से लटका हुआ था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल कठुआ के शवगृह में स्थानांतरित करवाया। फिलहाल युवती की पहचान और मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया