रक्तदान केवल एक दिन का कार्य नहीं बल्कि समाज के प्रति हमारी निरंतर जिम्मेदारी-कमांडेंट अरविंद सिंह
कठुआ, 16 जून (हि.स.)। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 121 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा बटालियन मुख्यालय हीरानगर में एक विशाल रक्तदान शिविर एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान सीआरपीएफ के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में 121 बटालियन के कमांडेंट अरविंद सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय रजक, उप-कमांडेंट संदीप कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारियों और जवानों की उपस्थिति रही। शिविर का शुभारंभ कमांडेंट अरविंद सिंह ने स्वयं रक्तदान कर किया जिसके बाद बड़ी संख्या में जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस अवसर पर कमांडेंट अरविंद सिंह ने कहा कि रक्तदान केवल एक दिन का कार्य नहीं बल्कि यह समाज के प्रति हमारी निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने जवानों को नियमित अंतराल पर रक्तदान करने और इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दिया गया रक्त किसी के लिए जीवनदान बन सकता है इसलिए हर व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर कमांडेंट ने सभी प्रतिभागियों और शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाली जीएमसी कठुआ की मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी। इस अभियान के तहत 121 बटालियन ने न केवल बड़े पैमाने पर रक्तदान किया, बल्कि मानवता की सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपने संकल्प को भी दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया