जम्मू विश्वविद्यालय के सीडीओई में रक्तदान शिविर आयोजित, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

 


जम्मू, 24 जुलाई (हि.स.)। जम्मू विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) की एनएसएस यूनिट-5 ने यंग ब्लड एसोसिएशन (वाईबीए) के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना तथा समाज में मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम के दौरान सीडीओई के निदेशक प्रो. पंकज के. श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि, अतिथियों, स्वयंसेवकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और रक्तदाताओं का स्वागत करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों और समाज में संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनसेवा की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

मुख्य अतिथि प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की निदेशक नेहा जलाली ने स्वैच्छिक रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान अनेक जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। उन्होंने सीडीओई और यंग ब्लड एसोसिएशन के संयुक्त प्रयासों की भी प्रशंसा की यंग ब्लड एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सतवंत सिंह रिस्सम ने शिविर में मिले उत्साहजनक सहयोग पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे श्रेष्ठ जनसेवा कार्यों में से एक है। वहीं एसोसिएशन के चेयरमैन अनिल पढ़ा ने रक्तदान को मानवता की सेवा का सशक्त माध्यम बताते हुए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

एनएसएस यूनिट-5 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजबीर सिंह सोढ़ी ने रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों, शिक्षकों, कर्मचारियों, आयोजन समिति तथा चिकित्सकीय दल का धन्यवाद करते हुए कहा कि रक्त की प्रत्येक इकाई किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है और समाज में सेवा की भावना को प्रेरित करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा