किश्तवाड़ में मासूम की मौत पर भारतीय जनता युवा मोर्चा का डीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन

 

जम्मू,, 20 अप्रैल (हि.स.)।

किश्तवाड़ में चार महीने के मासूम की दर्दनाक मौत के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा ने डीसी ऑफिस के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह घटना मुगल मैदान के राहलथल पंचायत में सामने आई जहां अस्थायी लकड़ी के पुल से नाला पार करते समय महिला, उसकी बहन और शिशु पानी में गिर गए। स्थानीय लोगों ने महिला और उसकी बहन को बचा लिया, लेकिन मासूम उस्मान अहमद का शव करीब 2 किलोमीटर दूर बरामद हुआ। इस हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्थायी पुल निर्माण, पीड़ित परिवार को मुआवजा और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि पिछले साल पुल बह जाने के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे यह हादसा हुआ। चेतावनी दी गई है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता