जम्मू में भाजपा त्रिकूटा नगर मंडल ने निकाली भव्य तिरंगा रैली
जम्मू,, 09 अगस्त (हि.स.)।
जम्मू में भाजपा के त्रिकूटा नगर मंडल की ओर से देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली की अगुवाई मंडल अध्यक्ष नितिश महाजन ने की। इस दौरान बाहु विधानसभा क्षेत्र के विधायक चौधरी विक्रम रंधावा, रेखा महाजन, कुलबीर चाढ़क, अजय गुप्ता सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान तिरंगा हाथों में लिए कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर नितिश महाजन ने कहा कि तिरंगा रैली केवल एक कार्यक्रम या रैली नहीं है, बल्कि यह इस बात का प्रतीक है कि भारतीय तिरंगा हर घर की शान और मान है। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान करना देश का सम्मान करना है और यह उन महान सपूतों का भी सम्मान है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
रैली के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं और समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता