बलिदान स्तंभ से निकली भाजपा की तिरंगा बाइक रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा जम्मू
जम्मू, 09 अगस्त (हि.स.)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भाजपा जम्मू-कश्मीर युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के नेतृत्व में जम्मू में तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। बलिदान स्तंभ से शुरू हुई रैली में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिलाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रैली से पहले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बलिदान स्तंभ पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
रैली का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा, प्रदेश महासचिव (संगठन) अशोक कौल, लोकसभा सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्यसभा सांसद इंजीनियर गुलाम अली खटाना, महासचिव संजिता डोगरा और गोपाल महाजन, विधायक चौधरी विक्रम रंधावा और युद्धवीर सेठी, भाजयुमो अध्यक्ष अरुण प्रभात तथा महिला मोर्चा अध्यक्ष एडवोकेट नेहा महाजन ने किया।
इस अवसर पर सत शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं बल्कि देश के गौरव, बलिदान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
अशोक कौल ने कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि तिरंगा रैली देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि है। उन्होंने युवाओं से शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि रैली में लोगों की भागीदारी जम्मू-कश्मीर में देशभक्ति की भावना को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने राष्ट्रीय ध्वज को जनभागीदारी और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनाने में भूमिका निभाई है। इंजीनियर गुलाम अली खटाना ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज धर्म, क्षेत्र, भाषा और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर राष्ट्र की एकता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा