भाजपा की ताकत विचारधारा और समर्पण में निहित है: सत शर्मा
जम्मू, 22 मार्च (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने विधायक डॉ. देवेंद्र कुमार मन्याल और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बैंगलर मंडल प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित किया। यह कार्यशाला पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित की गई थी। जम्मू-कश्मीर भाजपा उपाध्यक्ष रेखा महाजन और जिला अध्यक्ष आशा रानी ने भी कार्यशाला को संबोधित किया जिसमें मंडल में रहने वाले पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सत शर्मा ने अपने संबोधन में जमीनी स्तर पर वैचारिक स्पष्टता और संगठनात्मक दक्षता को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि विचारधारा और समर्पण से प्रेरित एक आंदोलन है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित समग्र मानवतावाद का मूल दर्शन पार्टी की नीतियों और कार्यों का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि यह दर्शन समग्र विकास, सामाजिक सद्भाव और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान (अंत्योदय) को बढ़ावा देता है जो भाजपा के शासन और संगठनात्मक प्रयासों का मार्गदर्शक है।
उन्होंने आगे इस बात पर जोर दिईया कि वैचारिक स्पष्टता और बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पार्टी को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रशिक्षण आवश्यक है, जिससे राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्ध और अनुशासित कार्यकर्ता तैयार हों। डॉ. देवेंद्र कुमार मन्याल ने अपने संबोधन में भाजपा कार्यकर्ता के जीवन में अनुशासन, सेवा और समर्पण के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसके कैडर-आधारित ढांचे में निहित है जहां प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित होकर समाज के लिए निस्वार्थ भाव से काम करता है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के अंत्योदय और स्वदेशी सिद्धांत यह सुनिश्चित करते हैं कि विकास जमीनी स्तर तक पहुंचे और समाज के सबसे वंचित वर्गों को सशक्त बनाए।
रेखा महाजन ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पार्टी कार्यकर्ताओं की क्षमता और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध रहने और हर स्तर पर संगठन को मजबूत करने में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। आशा रानी ने जमीनी स्तर पर जुड़ाव और संगठनात्मक एकता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से समर्पण भाव से काम करने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि भाजपा के सुशासन, समावेशिता और समाज सेवा के सिद्धांत हर घर तक पहुंचें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता