1 से 25 दिसंबर तक चलेगा भाजपा का ‘सेवा दूत अभियान’, हर विधानसभा क्षेत्र में तैनात होंगे विस्तारक
जम्मू, 25 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भाजपा ने आगामी ‘सेवा दूत अभियान’ की रूपरेखा और कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के लिए त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। अभियान 1 से 25 दिसंबर तक प्रदेशभर में चलाया जाएगा और इसका समापन सुशासन दिवस पर होगा। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने, पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण करवाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए जमीनी स्तर पर संपर्क बढ़ाना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने कहा कि अभियान जिला, मंडल, बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक चलाया जाएगा। इसके तहत विस्तारकों और सेवा दूतों को उनके गृह जिलों से बाहर विधानसभा क्षेत्रों में 25 दिनों के लिए तैनात किया जाएगा। प्रत्येक सेवा दूत कम से कम पांच दिन हर मंडल में रहकर लोगों से संपर्क करेगा और सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने में सहायता करेगा। दूरदराज के क्षेत्रों में भी लोगों तक पहुंच बनाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।
अभियान प्रभारी संजिता डोगरा ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समन्वयक नियुक्त किए गए हैं जो प्रतिदिन की प्रगति पर नजर रखने के साथ सेवा दूतों और स्थानीय संगठन के बीच तालमेल बनाएंगे। बलदेव सिंह बिलावरिया ने कार्यकर्ताओं से समर्पण के साथ अभियान में जुटने की अपील की जबकि गोपाल महाजन ने मंडल स्तर पर बूथ समितियों और शक्ति केंद्रों को मजबूत करने तथा जनता से फीडबैक लेने पर जोर दिया। पवन शर्मा ने प्रोजेक्टर के माध्यम से अभियान की विस्तृत कार्ययोजना और जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव चरक, पार्टी महासचिवों सहित जिला अध्यक्षों, प्रभारियों, सह-प्रभारियों, सेवा दूतों, विस्तारकों और विभिन्न मोर्चों एवं विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन संजिता डोगरा ने किया जबकि राजीव चरक ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा