कठुआ में 12 साल बेमिसाल पर भाजपा का मीडिया संवाद- मोदी युग में बदला देश और जम्मू-कश्मीर का भविष्य

 


कठुआ में 12 साल बेमिसाल पर भाजपा का मीडिया संवाद- मोदी युग में बदला देश और जम्मू-कश्मीर का भविष्य

कठुआ, 16 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 12 साल बेमिसाल अभियान के तहत कठुआ के लगेट मोड़ स्थित पार्टी कार्यालय में एक विशेष मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा ने की। इस मौके पर पूर्व भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रजनी सेठी, वरिष्ठ नेता रविंद्र सलाथिया, पूर्व जिला विकास परिषद उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू, नेता रविंद्र पठानिया, रंजीत पठानिया, शिवदेव सिंह, अशोक जसरोटिया सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित मीडिया कर्मियों को मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों, इन्फ्रास्ट्रक्चर, गरीब कल्याण, सामाजिक योजनाओं और आर्थिक विकास में हुए बदलावों को दर्शाया गया। इसके बाद मीडिया से संवाद करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व विकास देखा है। उन्होंने दावा किया कि जो कार्य पिछले 70 वर्षों में नहीं हो पाए, वे इन 12 वर्षों में संभव हुए हैं। नेताओं ने कहा कि आज भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र एवं विश्व गुरु बनाने के लक्ष्य पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

जम्मू-कश्मीर के संदर्भ में भाजपा नेताओं ने विशेष रूप से अनुच्छेद 370 हटाने को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इसके बाद क्षेत्र में शांति, विकास और निवेश का नया दौर शुरू हुआ है। बिजली, पानी, सड़क, रोजगार और औद्योगिक इकाइयों के विस्तार के साथ-साथ शाहपुर-कंडी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स को भी प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया गया। नेताओं ने यह भी कहा कि पहले जम्मू-कश्मीर आतंकवाद, अलगाववाद और पत्थरबाजी जैसी समस्याओं से जूझ रहा था, लेकिन मोदी सरकार के नेतृत्व में इन पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है और अब क्षेत्र नए जम्मू-कश्मीर के रूप में उभर रहा है। इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे, जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन और जम्मू-दिल्ली वंदे भारत जैसी परियोजनाओं को क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताया। कार्यक्रम के अंत में भाजपा नेताओं ने कहा कि इस मीडिया संवाद का उद्देश्य केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि आम जनता इन विकास कार्यों से अवगत हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया