एनएलयू की मांग को लेकर कठुआ में भाजयुमो का प्रदर्शन, अरुण प्रभात ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

 


कठुआ, 05 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू क्षेत्र में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा कठुआ ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी चैक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों से सैकड़ों युवा प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष अरुण प्रभात ने किया, जबकि आयोजन जिला अध्यक्ष दिनेश्वर सिंह की अगुवाई में हुआ। अरुण प्रभात ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर निशाना साधते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर जम्मू क्षेत्र में एनएलयू की स्थापना नहीं की गई, तो पूरे जम्मू क्षेत्र में युवाओं का बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान युवाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है, जिससे युवाओं में भारी नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का रवैया जम्मू क्षेत्र के प्रति पक्षपातपूर्ण है, जो एक बार फिर उजागर हुआ है। प्रदर्शन में जिला भाजपा अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा, मनमोहन पंगोत्रा, लव शर्मा (प्रदेश उपाध्यक्ष भाजयुमो), रंजीत सिंह, अनंत खजूरिया (प्रदेश महासचिव भाजयुमो), सागर सिंह कोतवाल (प्रदेश सचिव भाजयुमो), सुरेखा संब्याल (प्रदेश प्रवक्ता भाजयुमो), अक्षय भारती (प्रदेश कार्यालय सचिव भाजयुमो), अनुज भारती, भानु प्रताप और मयंक भगोत्रा सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया