भाजपा कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस, विधायक राजीव जसरोटिया ने फहराया तिरंगा

 




कठुआ, 15 अगस्त (हि.स.)। जिलेभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव जसरोटिया ने पीआरओ कार्यालय कठुआ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की एकता व अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजीव जसरोटिया ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 का दिन भारतीय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है जब वर्षों के संघर्ष और असंख्य वीरों के बलिदान के बाद देश को ब्रिटिश शासन से आजादी मिली। उन्होंने महात्मा गांधी, शहीद भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, लाला लाजपत राय सहित तमाम स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमें अधिकार ही नहीं देती बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारियां भी सौंपती है। आजादी की रक्षा करना, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना तथा देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है और सभी वर्गों को मिलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

राजीव जसरोटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से देश की प्रगति में योगदान देने, राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं बल्कि देश की स्वतंत्रता, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। हमें शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा, पूर्व पार्षद संजीव वैद, सरदारी सिंह, अशोक जसरोटिया, विद्या सागर, अनिरुद्ध शर्मा, अनिल अंडोत्रा, विकास गुप्ता, राजेश मेहता, रणजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रहित और देश की प्रगति के संकल्प के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया