भाजपा ने आउटसोर्सिंग नीति को लेकर एनसी सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया

 

जम्मू,, 13 जून (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर भाजपा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए उसकी कथित आउटसोर्सिंग नीति के खिलाफ आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है।

त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित वरिष्ठ नेताओं की बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने उमर अब्दुल्ला सरकार की नीतियों की आलोचना की।

सत शर्मा ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 2024 विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं किया और अब युवाओं को रोजगार देने के बजाय आउटसोर्सिंग के जरिए भर्ती का रास्ता अपना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ किसी भी प्रकार के भेदभाव और युवाओं के भविष्य से समझौता नहीं होने देगी।

वहीं सुनील शर्मा ने सरकार पर युवाओं को धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि नियमित भर्ती और पारदर्शी नियुक्तियों के बजाय आउटसोर्सिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस नीति को वापस नहीं लिया तो भाजपा विधानसभा से लेकर सड़कों तक आंदोलन को और तेज करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता