भाजपा एससी मोर्चा की बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
कठुआ, 16 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय कठुआ में अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया जिसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियों के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट धर्मेंद्र एवं जिला अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा नेतृत्व के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए राजेश मेहता ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर एससी मोर्चा प्रभारी मनजीत सिंह सहित मोर्चा की पूरी टीम मौजूद रही। बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया