भाजपा समर्पण और सेवाभाव को प्राथमिकता देती है: बलदेव
जम्मू, 20 जनवरी (हि.स.)।
जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जम्मू-कश्मीर के महासचिव और पूर्व उप महापौर बलदेव सिंह बिल्लवारिया ने की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की और संगठन की एकता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर बलदेव सिंह बिल्लवारिया ने कहा कि नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के एक अनुभवी, मेहनती और दूरदर्शी नेता हैं। विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की है।
बिल्लवारिया ने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नबीन के सक्षम नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय हित, विकास और सुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी और संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा। भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक संस्कृति की प्रशंसा करते हुए बलदेव सिंह बिल्लवारिया ने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां एक साधारण बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता