पूर्व सांसद ठाकुर बलदेव सिंह की 108वीं जयंती पर भाजपा ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
कठुआ, 30 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ जनसंघ-भाजपा नेता स्वर्गीय ठाकुर बलदेव सिंह जी की 108वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा जिला अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा के निर्देशन एवं सह-प्रभारी संजय बरू की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनके सुपुत्र धर्मवीर जसरोटिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला महामंत्री राजेश मेहता ने ठाकुर बलदेव सिंह जी के जीवन और उनके राष्ट्रसेवा के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जन्म 30 मई 1918 को पुणे में हुआ था। प्रारंभ से ही वे राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित रहे और पंजाब विश्वविद्यालय, लाहौर से बी.ए. तथा एल.एल.बी. की शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 1942 में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और जीवनभर राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय रहे। उन्होंने पंडित प्रेमनाथ डोगरा के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर के अधिकारों और जनहित के लिए कई संघर्ष किए। वर्ष 1947 के बाद प्रजा परिषद आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका रही और विभिन्न आंदोलनों के दौरान उन्होंने कई बार जेल यात्राएं भी कीं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जम्मू-कश्मीर प्रवेश के समय भी वे उनके साथ रहे और आंदोलन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जनसंघ की स्थापना के बाद उन्होंने संगठन में अहम जिम्मेदारियां निभाईं और प्रदेश अध्यक्ष के पद पर भी कार्य किया। वर्ष 1970 में खाद्यान्न आंदोलन का सफल नेतृत्व किया। वर्ष 1977 में वे जम्मू संसदीय क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए। वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष बनने का गौरव भी उन्हें प्राप्त हुआ। इसी वर्ष हीरानगर उपचुनाव में भाजपा के कमल चिन्ह पर विजय प्राप्त कर वे देश के पहले ऐसे विधायक बने जिन्होंने कमल के चुनाव चिन्ह पर जीत दर्ज की। वर्ष 1987 में वे पुनः विधायक चुने गए और जनसेवा के माध्यम से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया।
25 अगस्त 2008 को उनका निधन हो गया लेकिन उनका संघर्षपूर्ण जीवन, राष्ट्रभक्ति और सेवा का आदर्श आज भी समाज और कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता है।
इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री राजेश मेहता, गगन सिंह, रविंदर शर्मा, लखनपुर मंडल अध्यक्ष सुमन बाला सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने ठाकुर बलदेव सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया