भाजपा ने 'शेर-ए-डुग्गर' पंडित प्रेम नाथ डोगरा को उनकी जयंती पर दी श्रद्धांजलि

 


जम्मू, 24 अक्टूबर (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर ने पूरे केंद्र शासित प्रदेश में शेर-ए-डुग्गर पंडित प्रेम नाथ डोगरा की जयंती बहुत उत्साह के साथ मनाई। मुख्य कार्यक्रम जम्मू के पंडित प्रेम नाथ डोगरा चौक पर आयोजित किया गया जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हवन और यज्ञ किया और फिर इस दिग्गज नेता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

भाजपा जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सत शर्मा (सीए) ने पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, विधायक युद्धवीर सेठी, चौधरी विक्रम रंधावा, अरविंद गुप्ता, प्रो. घारू राम और देवयानी राणा तथा महासचिव संजीता डोगरा के साथ मिलकर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का नेतृत्व किया और जम्मू-कश्मीर के लिए पंडित डोगरा के उल्लेखनीय योगदान को याद किया।

इस कार्यक्रम में भाजपा उपाध्यक्ष प्रिया सेठी, पूर्व मेयर चंद्र मोहन गुप्ता, राजिंदर शर्मा, सचिव अरुण शर्मा और पवन शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रभात सिंह जम्वाल, पूर्व डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा, मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप मल्होत्रा, सभी सेल के प्रभारी, भाजयुमो अध्यक्ष अरुण प्रभात और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

जिला अध्यक्ष एडवोकेट राजेश गुप्ता ने कार्यक्रम का संचालन किया और जिला प्रभारी बृजेश्वर राणा ने कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता का धन्यवाद किया।

सत शर्मा ने पंडित प्रेम नाथ डोगरा को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें सबसे बड़े राष्ट्रवादी नेताओं में से एक बताया जिन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि पंडित डोगरा ने जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रवादी आंदोलन को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और इस क्षेत्र को शेष भारत के साथ पूरी तरह से एकीकृत करने के आंदोलन का नेतृत्व किया।

प्रजा परिषद आंदोलन को याद करते हुए सत शर्मा ने कहा कि पंडित Rडोगरा ने उस दौर में साहस के साथ संघर्ष का नेतृत्व किया जब तिरंगा फहराने वालों को गोलियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पंडित डोगरा के आदर्शों पर चलने, जनहित के लिए समर्पित भाव से काम करने और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहने को कहा।

डॉ. निर्मल सिंह ने कहा कि पंडित प्रेम नाथ डोगरा एक महान व्यक्तित्व थे जिनका जीवन राष्ट्रवाद, त्याग और जनता के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक था। प्रजा परिषद आंदोलन में उनका योगदान और तिरंगे के सम्मान के लिए उनका संघर्ष, राष्ट्रीय एकता के लिए काम करने वालों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

युधवीर सेठी ने कहा कि पंडित डोगरा के आदर्श आज भी जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रवादी आंदोलन का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

चौधरी विक्रम रंधावा ने उन्हें साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया।

अरविंद गुप्ता ने कहा कि पंडित डोगरा की विरासत लोगों को निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह