भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री शाम मेहरा का कश्मीर दौरा संपन्न, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर
जम्मू, 01 जुलाई (हि.स.)। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री शाम मेहरा ने पदभार संभालने के बाद पहली बार कश्मीर घाटी का पाँच दिवसीय संगठनात्मक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेकर जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया। दौरे के दौरान शाम मेहरा ने कश्मीर जिले की दो महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया। बैठकों में भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, नीतियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रत्येक बूथ तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठनात्मक ढांचे के विस्तार, पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा भी की गई।
प्रवास के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रवाद और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई।
श्रीनगर में आयोजित मुख्य संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करते हुए शाम मेहरा ने पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की और आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय की। उन्होंने सभी जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संगठनात्मक ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम को शीघ्र पूरा किया जाए ताकि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना और जनसंपर्क प्रणाली से पूरी तरह परिचित हो सके।
अपने संबोधन में शाम मेहरा ने कहा कि भाजपा ओबीसी मोर्चा जम्मू-कश्मीर में एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा खड़ा करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही पार्टी की वास्तविक ताकत है और प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच सक्रिय रहकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा