ब्रह्म ज्योत सत्ती ने ओबीसी मुद्दों पर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की
जम्मू,, 23 मार्च (हि.स.)।
जम्मू में बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्म ज्योत सत्ती ने त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से ओबीसी समुदायों के उत्थान और कल्याण के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में तेली, कुम्हार, धोबी और नाई समुदायों को केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित कर जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने पर चिंता जताई और “रूरल ओनली” शर्त को हटाने की मांग की, ताकि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी लाभ ले सकें।
सत्ती ने ओबीसी के क्रीमी लेयर की आय सीमा को 8 लाख से बढ़ाकर 12 लाख करने की भी वकालत की ताकि महंगाई के दौर में अधिक जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिल सके। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर ओबीसी छात्रों को 12वीं पास करने के बाद लैपटॉप देने का सुझाव भी रखा, जिससे डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिल सके। साथ ही उन्होंने जाति प्रमाण पत्र प्रक्रिया को सरल बनाने और समुदाय सभाओं की सिफारिश को मान्य करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी नेतृत्व और उपराज्यपाल से भी बातचीत की गई है, जिन्होंने सकारात्मक आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता