भाजपा नेताओं ने सुनीं जनसमस्याएं, समाधान का दिलाया भरोसा
जम्मू, 03 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने सोमवार को श्रीनगर के जवाहर नगर स्थित पार्टी कार्यालय में विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान भाजपा के प्रदेश सचिव आरिफ राजा, प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर तथा ऑल सेल्स सह-संयोजक बिलाल पैरी भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने सड़क संपर्क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, रोजगार, नागरिक सुविधाओं तथा क्षेत्रवार विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। उन्होंने स्थानीय समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए पार्टी से हस्तक्षेप की मांग भी की।
अशोक कौल ने सभी प्रतिनिधिमंडलों की बात विस्तार से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि प्रत्येक वास्तविक जनसमस्या को संबंधित सरकारी अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनसेवा और जवाबदेही की राजनीति में विश्वास रखती है तथा पार्टी का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के विकास को हर गांव, कस्बे और क्षेत्र तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर रहा है जिससे लोगों की समस्याएं उचित मंच तक पहुंच रही हैं।
अशोक कौल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण, पारदर्शी शासन और समावेशी विकास सरकार की प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच सक्रिय रहने, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में शामिल प्रतिनिधिमंडलों ने अपनी समस्याएं सीधे पार्टी नेतृत्व के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि उठाए गए मुद्दों पर संबंधित विभागों के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा